जयपुर। आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत राजपार्क स्थित भाटिया भवन में आयोजित महिला सम्मेलन में आज उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने महिलाओं को आत्मनिर्भरता और स्वदेशी अपनाने का मजबूत संदेश दिया। कार्यक्रम में पहुंचने पर महिलाओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और बड़ी संख्या में उपस्थित प्रतिभागियों ने सम्मेलन को उत्साहपूर्ण बनाया।
अपने संबोधन में दिया कुमारी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीति और सोच स्पष्ट है — देश की हर महिला सशक्त हो, आत्मनिर्भर बने। इसी उद्देश्य से कई योजनाएं जमीन पर सफलतापूर्वक लागू की जा रही हैं, ताकि महिलाओं को रोजगार, प्रशिक्षण और उद्यमिता के अवसर मिल सकें।
उपमुख्यमंत्री ने मंच से ‘वोकल फॉर लोकल’ का विशेष आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत में बने उत्पाद गुणवत्ता में किसी से कम नहीं हैं, इसलिए हर नागरिक को गर्व के साथ स्वदेशी वस्तुएं अपनानी चाहिए और स्थानीय उद्योगों का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा,
“हमारे देश के प्रोडक्ट्स टॉप लेवल के हैं। हमें गर्व होना चाहिए कि हम स्वदेशी को अपनाएं और आगे बढ़ाएं।”
कार्यक्रम में दिया कुमारी ने उपस्थित महिलाओं को 19 नवंबर को होने वाले भव्य घूमर कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने बताया कि यह आयोजन राज्य के सातों संभागों में एक साथ होगा, जिसका उद्देश्य युवाओं को राजस्थान की सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ना है। इस दौरान मंच पर ‘घूमर 2025’ का पोस्टर भी जारी किया गया।
सम्मेलन में दिल्ली ब्लास्ट में
लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। अंत में उपमुख्यमंत्री ने सभी उपस्थित महिलाओं को भारत माता के सम्मान, सेवा और स्वदेशी व आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को दोहराने के लिए प्रेरित किया, जिसे महिलाओं ने उत्साह के साथ स्वीकार किया।
उन्होंने कहा— “प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत तेजी से बदल रहा है। आने वाले समय में हमारी अर्थव्यवस्था दुनिया में नंबर वन होगी।”
कार्यक्रम में सांसद मंजू शर्मा, जनप्रतिनिधि, महिला मोर्चा पदाधिकारी और कई गणमान्य नागरिक शामिल रहे।










