गुरु रंधावा का नया म्यूज़िक वीडियो ‘Azul’ रिलीज़ होते ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा, लेकिन गलत वजहों से। वीडियो में गुरु एक फोटोग्राफी टीचर के किरदार में हैं, जबकि अभिनेत्री अंशिका पांडेय स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर डांस करती नज़र आती हैं। यही सीन विवाद का केंद्र बन गया है, क्योंकि दर्शकों का आरोप है कि वीडियो स्कूल स्टूडेंट्स की इमेज को सेंसुअलाइज करता है और यह कंटेंट बेहद गैर-जिम्मेदाराना है। आलोचना के बीच गुरु रंधावा ने कोई सीधा बयान नहीं दिया, बल्कि इंस्टाग्राम स्टोरी पर गाने के व्यूज़ और सर्च डेटा शेयर करते हुए लिखा— “Azul is Azuling. When God is with you, you only move forward.” वहीं, बढ़ते गुस्से को देखते हुए उन्होंने अपने अकाउंट का कमेंट सेक्शन भी बंद कर दिया।

इस विवाद पर सेलेब्स की प्रतिक्रिया भी चर्चा में है। सोनम कपूर ने एक ऐसे पोस्ट को लाइक किया जिसमें गाने की आलोचना की गई थी, जबकि वरुण धवन, मृणाल ठाकुर, नोरा फतेही और सोफी चौधरी जैसे स्टार्स ने प्रमोशनल पोस्ट को लाइक कर सपोर्ट दिखाया। अब सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहा है कि क्या वाकई स्कूल यूनिफॉर्म और टीचर-स्टूडेंट एंगल को इस तरह दिखाना आर्टिस्टिक फ्रीडम है, या यह समाज को गलत संदेश देने वाली सोच। गाना ट्रेंड कर रहा है, लेकिन इसके नैरेटिव पर नैतिक बहस और तेज़ होती जा रही है।












