खड़केश्वर (औरंगाबाद), मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी और उनके सिद्धांतों की बातें करने वाली कांग्रेस पार्टी जातिवाद, क्षेत्रवाद और प्रांतवाद के बाद अब नस्लवाद की राजनीति पर भी उतर आई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता द्वारा देश के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासियों के बारे में नस्लभेद संबंधी टिप्पणी करना समाज को बांटने की कोशिश है।
मुख्यमंत्री शनिवार को महाराष्ट्र के खडकेश्वर में आयोजित प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में भ्रष्टाचार, आतंकवाद और नक्सलवाद का बोलबाला था। तुष्टिकरण के आधार पर सरकारें चलती थीं, जिससे देश को बहुत नुकसान उठाना पड़ा। सीएम भजनलाल ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में आया बदलाव सबने देखा है। उनके नेतृत्व में देश आज नई ऊंचाइयों को छू रहा है। चाहे गरीब कल्याण की बात हो या विकास की, देश की सुरक्षा का मुद्दा हो या सम्मान का, मोदी जी के नेतृत्व में हर क्षेत्र में देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रवासी राजस्थानियों से आह्वान किया कि वे देश को और आगे बढ़ाने के लिए मोदी जी को मजबूत करें और तीसरी बार भारी बहुमत से भाजपा गठबंधन की सरकार बनवाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस हमेशा अफवाह फैलाने का काम करती है और झूठ और लूट का सहारा लेती है। कांग्रेस के घोषणा पत्रों में झूठ के सहारे जनता को बरगला कर वोट प्राप्त करने की कोशिश की जाती है जबकि मोदी जी जो कहते हैं, वो करते हैं। उन्होंने छत्रपति संभाजी नगर लोकसभा सीट सेे भाजपा-शिवसेना गठबंधन के प्रत्याशी संदिपानराव भुमरे को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने वर्ष 2014 और 2019 में किए गए सभी वादों को पूरा किया है और तीसरी बार सरकार बनने पर 2024 के घोषणा पत्र को भी पूरी तरह लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल ने प्रवासी राजस्थानियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि उन्हें राजस्थान सरकार से जो भी आशाएं और उम्मीदें हैं उन्हें अवश्य पूरा किया जाएगा तथा सरकार उनकी सभी समस्याओं का समाधान करने का हर संभव प्रयास करेगी।










