( उजला दर्पण रामगोपाल सिंह सीनियर रिपोर्टर मध्य प्रदेश )
जबलपुर समूह जल प्रदाय योजना के क्रियान्वयन की प्रगति का जायजा लेने के लिए कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक गहलोत ने विकासखंड शहपुरा के ग्राम धरमपुरा का दौरा किया। यह योजना म.प्र. जल निगम के अंतर्गत 1098.57 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत से क्रियान्वित की जा रही है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने धरमपुरा में निर्माणाधीन इंटेकवेल कम पंप हाउस और 95 एम.एल.डी. क्षमता के महत्वाकांक्षी जल शोधन संयंत्र के कार्यों का बारीकी से मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में परियोजना को पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
महाप्रबंधक जल निगम श्री संजय वाधवा ने बताया कि इस योजना से जबलपुर जिले के 848 ग्रामों को जल प्रदाय किया जाएगा। वर्तमान में योजनांतर्गत विगत 2 वर्षों में 274 टंकियों का निर्माण प्रारंभ किया गया है और 2012 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया गया है।










