
नई दिल्ली। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा गुरूवार को लोकसभा चुनाव, 2024 में पश्चिमी दिल्ली की भाजपा प्रत्याशी कमलजीत सहरावत के नामांकन अवसर पर उपस्थित हुए।
मुख्यमंत्री गुरूवार को कमलजीत सहरावत के नामांकन के लिए उनके साथ पश्चिमी दिल्ली के राजा गार्डन स्थित जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय पहुंचकर उन्हें जीत के लिए अग्रिम बधाई दी।

इससे पूर्व भजनलाल शर्मा ने सहरावत के रोड शो में भी शामिल होकर उनका उत्साह बढ़ाया। पश्चिमी दिल्ली की जनकपुरी से आरंभ हुए इस रोड शो में हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। हजारों कार्यकर्ताओं से भरे करीब चार किलोमीटर लंबे रोड शो में कार्यकर्ताओं ने कारों, मोटरसाइकिलों सहित पैदल चलकर पार्टी के झंडों को लहराते हुए डीजे की धुन पर नाचते- गाते हुए भाजपा प्रत्याशी का समर्थन जताया।

रोड शो के अवसर पर कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम और मोदी-मोदी के नारे लगाकर कमलजीत सहरावत का उत्साहवर्धन करते हुए, “राजस्थान का एक ही लाल भजनलाल भजनलाल” के नारे लगा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया ।
सहरावत द्वारा दाखिल किए गए नामांकन के इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री हरदीप पुरी के अतिरिक्त दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।











