जयपुर, 23 नवंबर। राजस्थान में उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत शनिवार को मुख्यमंत्री निवास से हुई, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शून्य से पाँच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो प्रतिरक्षक दवा पिलाकर प्रदेशव्यापी अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं, क्योंकि यह गंभीर संक्रामक रोग से बचाव का सबसे सरल और प्रभावी तरीका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान सिर्फ एक स्वास्थ्य गतिविधि नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने का संकल्प है। उन्होंने बताया कि पोलियो ऐसा रोग है जो बच्चों के जीवन को स्थाई रूप से प्रभावित कर सकता है, इसलिए इस अभियान में अधिकतम जनसहभागिता आवश्यक है।
प्रदेश में लगभग 1 करोड़ 8 लाख बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के लिए 58,823 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। जो बच्चे बूथ पर दवा नहीं ले पाएंगे, उनके लिए स्वास्थ्यकर्मी अगले दो दिनों तक घर-घर जाकर दवा पिलाएंगे। अभियान संचालन के लिए 6,741 ट्रांजिट टीमें तथा 8,989 मोबाइल टीमें भी तैनात की गई हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार’ पोस्टर का भी विमोचन किया। इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री ए. राठौड़, अन्य अधिकारी तथा बच्चों के अभिभावक मौजूद रहे।










