( उजला दर्पण सीनियर रिपोर्टर रामगोपाल सिंह )
बच्चों को बांटी मिठाई और दी दीपावली की शुभकामनाएं
इटारसी। दीपावली के अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट ब्रजेंद्र सिंह रावत और जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास विभाग) ललित कुमार डेहरिया ने शनिवार को शहर के बालिका गृहों का निरीक्षण किया। उन्होंने जीवोदय सोसायटी द्वारा संचालित बालिका गृह और महादेव सुंदरम जन कल्याण शिक्षण समिति द्वारा संचालित मुस्कान बालिका गृह पहुंचकर बच्चियों से मुलाकात की और उनके साथ समय बिताया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बच्चियों को मिष्ठान और उपहार वितरित किए तथा उनकी कुशलक्षेम जानी। सिटी मजिस्ट्रेट रावत ने इस मौके पर कहा कि “मुस्कान संस्था द्वारा बच्चों एवं आश्रय स्थल के क्षेत्र में की जा रही सामाजिक पहल वास्तव में सराहनीय है। संस्था जिस समर्पण से कार्य कर रही है, वह समाज के लिए एक उदाहरण है।” अधिकारियों ने संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं, बच्चों की देखभाल और सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।
इस अवसर पर बाल संरक्षण अधिकारी आशु पटेल, परियोजना अधिकारी दीप्ति शुक्ला, जीवोदय सोसायटी के अध्यक्ष मनीष ठाकुर और संस्था अधीक्षक रितु राजपूत मौजूद रहे। संस्था के संचालक मनीष ठाकुर ने बालिका गृह और शक्ति सदन की गतिविधियों की जानकारी दी। यह दौरा प्रशासन की संवेदनशीलता और बालिकाओं के प्रति अपनत्व की भावना का प्रतीक रहा।










