जयपुर, गांधी जयंती के अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को राजस्थान खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड परिसर में आयोजित खादी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने खादी वस्त्रों की खरीद कर यूपीआई से भुगतान भी किया, जिससे डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खादी हमारी सांस्कृतिक धरोहर और देश की पहचान है। इसके उत्पाद पर्यावरण हितैषी और रसायन मुक्त होते हैं, जो स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए लाभकारी हैं। प्रदर्शनी में खादी उत्पादों पर 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है, जिससे आमजन को सस्ती दरों पर उच्च गुणवत्ता के खादी वस्त्र खरीदने का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने लोगों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक खादी उत्पादों का उपयोग करें ताकि कतिनों और बुनकरों को आर्थिक सहारा मिल सके।
इस अवसर पर केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम और खादी संस्थान के विभिन्न कर्मचारी भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।










