BJP प्रदेश कार्यालय में ‘कार्यकर्ता सुनवाई’ शुरू, सप्ताह में तीन दिन दो मंत्री करेंगे जनसुनवाई

---Advertisement---

जयपुर, 1 दिसंबर 2025। भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रदेश कार्यालय जयपुर में ‘‘कार्यकर्ता सुनवाई’’ की औपचारिक शुरुआत कर दी है। सोमवार को उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने सुनवाई के बाद मीडिया को जानकारी दी।

उपमुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर कार्यकर्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गांव, ढाणी और शहरों में जनता की वास्तविक समस्याओं से जुड़ा रहता है, इसलिए अब वे इन मुद्दों को सीधे प्रदेश कार्यालय में लाकर समाधान पा सकेंगे। आज पहली सुनवाई में 30 से अधिक परिवाद मिले, जिनमें से कई का तत्परता से निस्तारण भी किया गया। बाकी मामलों को संबंधित विभागों को भेजकर निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई कराई जाएगी।

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि राज्य सरकार ऊर्जा क्षेत्र में बड़े लक्ष्यों के साथ काम कर रही है। कृषि उपभोक्ताओं को 1.5 लाख से अधिक बिजली कनेक्शन जारी करने का लक्ष्य रखा गया है। जिन जीएसएस पर सोलर प्लांट पूरी क्षमता पर हैं, वहां नए कृषि कनेक्शन जल्द जारी किए जाएंगे ताकि सौर ऊर्जा का अधिकतम उपयोग हो सके। उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया भी तेज गति से चल रही है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर बिल उपलब्ध होगा और बिजली से जुड़े अनियमित मामलों पर नियंत्रण रहेगा।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा कि पार्टी में कार्यकर्ता सर्वोपरि है। उनकी आवश्यकताओं और जिम्मेदारियों को समझते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश कार्यालय में सप्ताह में तीन दिन— सोमवार, मंगलवार और बुधवार— दो मंत्रियों द्वारा सुनवाई की व्यवस्था लागू की है। पंजीयन के बाद सभी परिवाद संबंधित मंत्रियों को भेजे जाएंगे और कार्यकर्ता की अनुशंसा पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

भाजपा का दावा है कि यह पहल कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याओं के समाधान को और अधिक व्यवस्थित, तेज और जवाबदेह बनाएगी।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment