*21 से 31 मई तक देशभर में होंगे आयोजन*
अहिल्याबाई जयंती पर भाजपा का समावेशी सुशासन अभियान, हर जिले में निकलेगी शोभा यात्राएं, होंगी जनसभाएं, सेमिनार
*भोपाल* मालवा की शासक रही देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर भाजपा देशभर में 21 मई से 31 मई तक समावेशी सुशासन अभियान चलाएगी। इस अभियान में अहिल्याबाई होल्कर की विरासत के प्रचार के साथ भाजपा के समावेशी सुशासन मॉडल का भी प्रचार होगा।
इस अभियान के तहत भाजपा देशभर में जनसभा, सेमिनार, संगोष्ठी, और परिचर्चा जैसे आयोजन करेगी। जिस तरह अहिल्याबाई होल्कर ने धार्मिक और सांस्कृतिक उत्थान के काम किए थे, उसी तरह केंद्र की मोदी सरकार भी देशभर में धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों का उत्थान कर रही है।
इस अभियान में समावेशी एवं मूल्य आधारित शासन को लेकर भाजपा के विजन और रानी अहिल्याबाई की विरासत को जोड़कर पेश किया जाएगा। इस दौरान महिला सशक्तिकरण एवं लोक कल्याण से जुड़ी केंद्र व भाजपा शासित राज्यों की योजनाओं का भी प्रचार होगा।
देश के हर जिले में इस अभियान के तहत कार्यक्रम होंगे। इस संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा की ओर से मप्र समेत सभी राज्यों को एक विस्तृत योजना भेजी गई है। केंद्र ने इस आयोजन के लिए पांच सदस्यीय टोली भी बनाई है। इसमें एक प्रदेश पदाधिकारी को संयोजक और प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष को सह संयोजक बनाया गया है। हर जिले में भी इस आयोजन के लिए 3-3 सदस्यीय टोली गठित की गई हैं।
*विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में कार्यक्रम*
अभियान में अहिल्याबाई होल्कर के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक योगदान को लेकर शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी। अहिल्याबाई होल्कर द्वारा जिन मंदिरों का निर्माण और जीर्णोद्धार कराया गया था, उनको लेकर सोशल मीडिया पर प्रचार अभियान चलेगा। राजधानी भोपाल समेत सभी जिलों में विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रमों का संचालन और वक्ता के रूप में महिला जनप्रतिनिधियों को मौका दिया जाएगा।
महिलाओं से जुड़े एनजीओ को इन आयोजनों से जोड़ा जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता मंदिरों और घाटों की सफाई करेंगे। महेश्वरी साड़ी की प्रदर्शनी और हथकरघा हाट आयोजित की जाएंगी। नारी शक्ति पर केंद्रित वॉकाथॉन और दौड़ आयोजित की जाएंगी।












