PM MODI के 25 नवंबर कुरूक्षेत्र दौरे को लेकर भाजपा की तैयारी तेज, पूनियां–बड़ौली ने घर-घर संपर्क अभियान का दिया आह्वान

---Advertisement---

चंडीगढ़/कुरूक्षेत्र, 20 नवंबर 2025। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 नवंबर को होने वाले कुरूक्षेत्र दौरे से पहले भाजपा हरियाणा में तैयारियां चरम पर हैं। इसी सिलसिले में कुरूक्षेत्र भाजपा कार्यालय में एक बड़ी संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें हरियाणा प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनियां और प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ौली ने नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत रणनीति पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण देने का आह्वान किया।

डॉ. सतीश पूनियां ने बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र निर्माण के लिए दिन-रात कार्य कर रहे हैं। हरियाणा के लिए यह गौरव का विषय है कि मोदी एक बार फिर प्रदेश आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचकर इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि मोदी के आगमन से पूरे हरियाणा में उत्साह का वातावरण है और भाजपा का हर कार्यकर्ता व्यक्तिगत रूप से संपर्क अभियान तेज करेगा।

बैठक में आत्मनिर्भर भारत अभियान, मन की बात, रन फॉर यूनिटी और वंदेमातरम कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई। प्रदेश संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने पदाधिकारियों से अभियान के अब तक के कार्यों की रिपोर्ट ली और आगामी कार्यक्रमों को और प्रभावी रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में मंत्री कृष्ण लाल पंवार, मंत्री कृष्ण बेदी, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, उपाध्यक्ष बंतो कटारिया और उपाध्यक्ष सतीश नांदल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बैठक के बाद नेताओं ने 25 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया। प्रधानमंत्री मोदी गुरु तेगबहादुर जी के 150वें शहीदी दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। ज्योतिसर में अनुभव केंद्र का उद्घाटन करेंगे और अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। बड़ौली ने कहा कि हरियाणा के विभिन्न जिलों और पड़ोसी राज्यों से लाखों लोग इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि गुरु तेगबहादुर जी के शहादत दिवस के उपलक्ष्य में निकली चार धार्मिक यात्राएं 24 नवंबर को पातशाही गुरुद्वारा में संपन्न होंगी।

पत्रकारों से बातचीत में बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जब भी हरियाणा आते हैं, प्रदेश को कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात देते हैं और इस बार भी लोगों की उम्मीदें बड़ी हैं। चंडीगढ़ मुद्दे पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह राजनीति नहीं, बल्कि जनता की भावना से जुड़ा विषय है और भाजपा नेतृत्व समय पर समाधान देगा।

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए बड़ौली ने कहा कि “बेतुकी बातें करना कांग्रेस की आदत है।” उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी चुनावों में झूठा प्रचार करते हैं, बिहार चुनाव में भी जनता ने उनके “हाइड्रोजन बम” को फुस्स कर दिया। बड़ौली ने कहा कि देश तेजी से कांग्रेसमुक्त होने की ओर बढ़ रहा है।

पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता पीएम मोदी के विकास और विश्वास के साथ खड़ी है, और आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए की सरकार बनने के प्रबल संकेत हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से पहले भाजपा हरियाणा का संगठन उत्साह और सक्रियता के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटा हुआ है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment