( उजला दर्पण सीनियर रिपोर्टर रामगोपाल सिंह )
जबलपुर नगर निगम जबलपुर में मध्य प्रदेश शासन की सुशासन और पारदर्शिता की नीति को ज़मीन पर उतारते हुए, महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार की युगल पहल रंग लाई है। आज मंगलवार को निगम मुख्यालय सहित सभी 16 संभागीय कार्यालयों में आयोजित जनसुनवाई में एक अभूतपूर्व और नागरिक-केंद्रित बदलाव देखने को मिला।
निगमायुक्त के निर्देशों का स्पष्ट असर
निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार द्वारा जारी सख्त निर्देशों के अनुरूप, जनसुनवाई में आने वाले नागरिकों को अब सम्मानजनक सत्कार दिया जा रहा है। आवेदकों को खड़े रहकर इंतजार करने के बजाय, बिठाकर उनकी शिकायतों को सुना गया और उन्हें चाय-पानी से सत्कार किया गया। इस मानवीय पहल से जनसुनवाई का माहौल पूरी तरह से बदल गया, जिससे आवेदकों के चेहरे पर संतुष्टि और विश्वास की मुस्कान साफ दिखाई दी।
सैकड़ों समस्याओं का ‘ऑन द स्पॉट’ समाधान
इस नई व्यवस्था का सबसे बड़ा प्रभाव समस्याओं के निराकरण पर पड़ा। मुख्यालय और सभी संभागों की जनसुनवाई में सैंकड़ों समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का त्वरित और संतुष्टि पूर्वक मौके पर ही निराकरण कराया गया। इस प्रभावी कार्यवाही से नागरिकों में शासकीय व्यवस्था और निगम के प्रति विश्वास बढ़ा है।
संभागों में दिखा तत्परता का प्रमाण
जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों की तत्परता और संवेदनशीलता कई मामलों में खुलकर सामने आई: संभाग क्र. 8 की त्वरित सेवा: यहाँ 3 डेथ सर्टिफिकेट (मृत्यु प्रमाण पत्र) से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने न केवल उन्हें तत्काल जारी किया, बल्कि निगम के लिपिक द्वारा आज ही आवेदकों के घर पर प्रमाण पत्र पहुंचाए गए। इसके अलावा, 10 पीएम स्वनिधि के प्रकरणों को मौके पर ही ऑनलाइन दर्ज कर दिया गया।संभाग क्र. 6 में पार्षद की शिकायत का निराकरण: पंडित गोविंद बल्लभ पंत वार्ड की पार्षद श्रीमती वर्षा मनोज सेन द्वारा अतिक्रमण के संबंध में की गई शिकायत का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया गया।संभाग क्र. 2 में जल कनेक्शन समस्या: कछपुरा कार्यालय में एक हितग्राही ने अपने घर के दो नल कनेक्शनों में से एक को लॉक (बंद) करने का आवेदन दिया, जिसे तत्काल स्वीकार कर संबंधित कर्मचारियों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।संभाग क्र. 13 में ई-केवाईसी समाधान: मुख्यालय में आयोजित सुनवाई में विनोद वर्मा निवासी एमएलबी स्कूल की ई-केवाईसी (e-KYC) संबंधी समस्या का मौके पर ही समाधान किया गया।अन्य संभागों में त्वरित कार्यवाही: संभाग क्रमांक 10, 11 और 15 में क्रमशः 10, 7 और 9 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका निराकरण त्वरित रूप से करके आवेदकों को संतुष्ट किया गया। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने आगे भी इसी प्रकार नागरिकों के प्रति पारदर्शिता रखने, उन्हें सम्मान देने और उनकी समस्याओं का संतुष्टि पूर्वक समाधान करने के निर्देश सभी संभागीय अधिकारियों को दिए हैं, ताकि सुशासन की यह नई पहल एक स्थाई व्यवस्था बन सके।जनसुनवाई में अपर आयुक्त अरविंद शाह, सहायक आयुक्त वेद प्रकाश सहित संभाग क्रमांक 1 से 16 तक के सभी संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।










