अशोक परनामी का कांग्रेस पर तीखा प्रहार: “हार के डर से अब एसआईआर पर नया राग, जनता भ्रम में नहीं आएगी”

---Advertisement---

जयपुर। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने कांग्रेस द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर उठाए जा रहे सवालों को राजनीतिक भ्रम फैलाने की कोशिश बताया है। परनामी ने कहा कि कांग्रेस देशभर में लगातार हार का सामना कर रही है—हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और बिहार जैसे राज्यों में जनता ने उसे नकार दिया है। ईवीएम पर सवाल उठाने के बाद अब कांग्रेस ने एसआईआर को विवाद का नया मुद्दा बनाने की कोशिश शुरू कर दी है, जबकि देश का चुनाव तंत्र पूरी तरह पारदर्शी और विश्वसनीय है।

परनामी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की असली चिंता चुनाव प्रक्रिया नहीं, बल्कि फर्जी वोटरों के नाम कटने की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को लेकर चिंतित है, क्योंकि एसआईआर के तहत केवल पात्र मतदाताओं को ही सूची में रखा जाएगा। इस प्रक्रिया में मृतकों, दोहरी प्रविष्टियों, गलत पते वालों और ऐसे लोगों के नाम हटाए जाएंगे जो मतदाता सूची में पात्र नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को विरोध करने से पहले एसआईआर की प्रक्रिया को समझना चाहिए।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं छोड़ा। यही वजह है कि कांग्रेस बिना तर्क के भ्रम फैलाने का काम कर रही है। परनामी ने कहा कि देश का युवा कांग्रेस के साथ नहीं बल्कि मोदी के साथ खड़ा है। राजधानी जयपुर में युवा कांग्रेस द्वारा किया गया छोटा सा आंदोलन कुछ ही मिनटों में समाप्त हो गया, जिसे उन्होंने “फ्लॉप शो” बताया।

परनामी ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भजनलाल शर्मा सरकार के विकास कार्य गहलोत को पच नहीं रहे हैं, इसलिए वे अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गहलोत के कार्यकाल में पेपर लीक और भ्रष्टाचार चरम पर था, जबकि भजनलाल सरकार ने दो साल में एक भी पेपर लीक नहीं होने दिया। राइजिंग राजस्थान में 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर हुए और 7 लाख करोड़ का निवेश धरातल पर उतारा गया। दूसरी ओर, गहलोत पर आरोप लगाया कि वे पांच साल तक अपने ही विधायकों के बीच सरकार बचाने में व्यस्त रहे।

उन्होंने कहा कि ईआरसीपी जैसी महत्वपूर्ण योजना को भजनलाल शर्मा ने जमीन पर उतारा, जबकि गहलोत पूरे कार्यकाल में इसे लंबित रखते रहे। परनामी ने कहा कि डबल इंजन सरकार राजस्थान में विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है, और अगले तीन वर्षों में विकसित राजस्थान का लक्ष्य स्पष्ट दिखाई देने लगेगा।

प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, भाजपा कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक और भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची भी मौजूद रहे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment