अब 21 मई तक ट्रांसफर आवेदन कर सकेंगे टीचर:आयुक्त लोक शिक्षण ने बढ़ाई समय सीमा, 25 मई से जारी होंगे तबादला आदेश*
*भोपाल* प्रदेश में तबादला नीति के आधार पर ऑनलाइन आवेदन मंगाए जाने के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने इसकी तारीख में बदलाव किया है। अब टीचर्स के तबादले के लिए 21 मई तक आवेदन लिए जा सकेंगे। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग और अन्य कई विभागों ने भी तबादले के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। उधर, तबादलों के लिए तय समय सीमा के 15 दिन बीतने के बाद अब मंत्रियों के बंगलों पर बीजेपी नेताओं और संघ से जुड़े कार्यकर्ताओं की भीड़ भी जुटने लगी है।
लोक शिक्षण आयुक्त द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि वर्ष 2025-26 के लिए जारी तबादला नीति के क्रियान्वयन के लिए टाइम टेबल तय किया गया है। इसके अंतर्गत स्वैच्छिक ट्रांसफर के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की समय सीमा पूर्व में 16 मई 2025 तय की गई थी। इसके बाद 20 मई से तबादला आदेश जारी किए जाने थे। अब इस तिथि में बदलाव किया गया है।
लोक शिक्षण आयुक्त ने अपने आदेश में कहा है कि स्वैच्छिक ट्रांसफर के लिए आवेदन करने की तारीख 16 मई से बढ़ाकर 21 मई तक कर दी गई है। इसी तरह तबादला आदेश जारी करने की समय सीमा भी 20 मई से बढ़ाकर 25 मई कर दी गई है। आयुक्त ने संचालक राज्य शिक्षा केंद्र, सभी कलेक्टर, सीईओ जिला पंचायत, संयुक्त संचालक शिक्षा, सभी जिला शिक्षा अधिकारी को इसके आधार पर तबादले के आवेदन लेने के बाद आगे की कार्यवाही के लिए कहा है।











