( उजला दर्पण सीनियर रिपोर्टर रामगोपाल सिंह )
कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना, सभी को सिहोरा स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है। 7 को गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है
जबलपुर जिले के सिहोरा में मंगलवार रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार बस बेकाबू होकर सड़क किनारे बने दुर्गा पंडाल में जा घुसी। पंडाल में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
सूचना मिलते ही सिहोरा पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे में 15 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सभी को सिहोरा स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है। 7 को गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
कटनी से जबलपुर जा रही थी बस
जानकारी के मुताबिक बस (एमपी 49 पी 0251) कटनी से जबलपुर जा रही थी। गौरी तिराहे के पास पहुंचते ही ड्राइवर का नियंत्रण बस से हट गया और वह सीधे पंडाल में जाकर घुस गई।
घटना की जानकारी लगते ही सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों के इलाज की व्यवस्था के लिए डीन को निर्देश दिए गए हैं।
हादसे में ये लोग हुए हैं घायल
रोली सोनी
ममता कोल
खुशबू वंशकार
वंदना बर्मन
संध्या चौधरी
शिखा चौधरी
कैलाश चौधरी
मनीष दहिया
कोदू लाल बर्मन
सोहनलाल
हादसे में बाकी 5 घायलों के नाम अभी पता नहीं चल सके हैं।
कलेक्टर-एसपी सिहोरा पहुंचे और घायलों का हाल-चाल जाना।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय सिहोरा पहुँचे गये थे। उन्होंने सिविल अस्पताल सिहोरा में भर्ती घायलों को दिये गये उपचार के बारे में चिकित्सकों से जानकारी ली। कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किये गये घायलों के समुचित उपचार के निर्देश मेडिकल कॉलेज के डीन एवं चिकित्सा अधिकारियों को दिये हैं। कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज में घायलों के उपचार की देख रेख के लिये एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह को तैनात किया है।
लोक निर्माण मंत्री ने घायलों के समुचित उपचार के दिये निर्देश.
लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने सिहोरा में हुई बस दुर्घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने सूचना मिलते ही तुरंत कलेक्टर राघवेंद्र सिंह से बात की तथा घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के लिए कहा।











