जयपुर, 20 दिसंबर। राजधानी जयपुर एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर के सामाजिक स्वास्थ्य आंदोलन का केंद्र बनने जा रही है। ग्लोबल हेल्थ एंड वेलनेस फेस्ट 2026 (GHWF 2026) की आधिकारिक शुरुआत शुक्रवार को जयपुर में आयोजित एक भव्य समारोह के साथ की गई। इस अवसर पर 28 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव की तारीखों की घोषणा के साथ-साथ फेस्ट के पोस्टर और ब्रोशर का विधिवत अनावरण किया गया।
यह कार्यक्रम Just Health and Wellness (JHW), Global Health and Wellness Fest (GHWF) और Bima Junction के संस्थापक एवं सीईओ हिम्मत सिंह नाथावत के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। समारोह में बीमा, हेल्थकेयर, कॉर्पोरेट और मीडिया जगत से जुड़े 100 से अधिक प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
2026 में 5 वर्ल्ड रिकॉर्ड का लक्ष्य
हिम्मत सिंह नाथावत ने बताया कि वर्ष 2024 में आयोजित GHWF में दो वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए गए थे। इस अवसर पर उन सभी सहयोगी पार्टनर्स को वर्ल्ड रिकॉर्ड सर्टिफिकेट भी प्रदान किए गए, जिन्होंने उस ऐतिहासिक उपलब्धि में योगदान दिया था। उन्होंने कहा कि GHWF 2026 में स्वास्थ्य और जनजागरूकता से जुड़े 5 नए वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाएगा।
जयपुर को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य परामर्श
GHWF 2026 की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि जयपुरवासियों को पहली बार मलेशिया, दुबई और चीन से आने वाले अंतरराष्ट्रीय डॉक्टरों से निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। आयोजकों के अनुसार, यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाएगी, बल्कि जयपुर को वैश्विक हेल्थ मैप पर भी स्थापित करेगी।
स्वास्थ्य सलाहकारों के प्रशिक्षण पर सहयोग
कार्यक्रम में यह भी घोषणा की गई कि JHW द्वारा EHW के साथ सहयोग किया जाएगा। इस साझेदारी का उद्देश्य स्वास्थ्य सलाहकारों की ट्रेनिंग और प्रोफेशनल डेवलपमेंट को मजबूत करना है, ताकि जमीनी स्तर पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सके।
सोसायटी वेलफेयर वीक के तहत जनसेवा
JHW के को-फाउंडर्स भूपेंद्र सिंह, आरके व्यास और अजय शर्मा ने बताया कि “सोसायटी वेलफेयर वीक” के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को 1,000 से अधिक मुफ्त हेल्थ चेकअप कूपन वितरित किए गए हैं। इन कूपनों के माध्यम से लाभार्थी प्रतिष्ठित निजी अस्पतालों में स्वास्थ्य जांच करवा सकेंगे। इसके साथ ही राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किए गए।
बड़े सामाजिक स्वास्थ्य आंदोलन की शुरुआत
GHWF 2026 की घोषणा को स्वास्थ्य और बीमा क्षेत्र में एक बड़े सकारात्मक बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। आयोजकों का मानना है कि यह फेस्ट न केवल एक आयोजन होगा, बल्कि एक सामाजिक स्वास्थ्य आंदोलन के रूप में लोगों को स्वस्थ जीवनशैली, समय पर जांच और जागरूकता के लिए प्रेरित करेगा। जयपुर से शुरू हुआ यह अभियान आने वाले समय में देशभर में स्वास्थ्य के प्रति सोच को नई दिशा देने का कार्य करेगा।










