जयपुर, 22 दिसंबर। राजस्थान में तेल एवं गैस क्षेत्र की महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से ऑनशोर सिक्योरिटी कोऑर्डिनेशन कमेटी (OSCC) की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिदेशक एवं कमेटी अध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा ने की। इसमें राजस्थान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ONGC, IOCL, HPCL, BPCL सहित विभिन्न ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
डीजीपी ने ऑयल कंपनियों को स्थानीय प्रशासन और पुलिस के साथ निरंतर व प्रभावी समन्वय बनाए रखने, रियल-टाइम रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने और तेल चोरी से जुड़े अपराधियों का अद्यतन डेटाबेस तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्णयों की समयबद्ध अनुपालना पर भी जोर दिया। डीजी (लॉ एंड ऑर्डर) संजय अग्रवाल ने सूचनाओं के व्यवस्थित संधारण हेतु डिजिटल पोर्टल, संसाधन मैपिंग और राज्य-स्तरीय नोडल अधिकारी की आवश्यकता रेखांकित की। बैठक में मॉक ड्रिल, जॉइंट पेट्रोलिंग, ड्रोन थ्रेट SOP, नो-ड्रोन ज़ोन और कमेटी पुनर्गठन जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।










