आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के नेतृत्व में भोपाल को धूल मुक्त और स्वच्छ बनाने की पहल, मेकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की नियमित सफाई
भोपाल। शहर को स्वच्छ, सुंदर और धूल मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम भोपाल द्वारा सड़कों की सफाई व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के नेतृत्व में शहर की प्रमुख सड़कों एवं अन्य मार्गों पर मेकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीनों के माध्यम से नियमित सफाई कराई जा रही है।
इन आधुनिक मशीनों की मदद से सड़कों पर जमा धूल, मिट्टी और अन्य बारीक कचरे को हटाया जा रहा है। इससे पारंपरिक सफाई व्यवस्था के साथ-साथ मशीनों के जरिए बड़े सड़क मार्गों की प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने में मदद मिल रही है। खासतौर पर उन मार्गों पर इस व्यवस्था का महत्व अधिक है, जहां वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है और धूल उड़ने की संभावना बनी रहती है।
आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, धूल के स्तर को कम करने और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मेकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीनों का नियमित संचालन इसी दिशा में नगर निगम का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
नगर निगम का लक्ष्य केवल सड़कों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि भोपाल को स्वच्छ, व्यवस्थित और बेहतर पर्यावरण वाला शहर बनाना भी है। आधुनिक तकनीक और नियमित निगरानी के माध्यम से सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में प्रयास जारी हैं।










