आरटीआई आवेदक की जानकारी समाचार पत्र तक कैसे पहुंची? आवेदक को भनक तक नहीं, नगर निगम के लोक सूचना विभाग और प्रथम अपीलीय अधिकारी कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल!
जबलपुर। नगर निगम जबलपुर में सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत आवेदन प्रस्तुत करने वाले अंकित सेन, स्टेट हेड, उजला दर्पण समाचार पत्र मध्यप्रदेश ने नगर निगम के लोक सूचना विभाग एवं प्रथम अपीलीय अधिकारी कार्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि आरटीआई से संबंधित आवेदन और प्रकरण की जानकारी एक समाचार पत्र को उपलब्ध करा दी गई, जबकि आवेदक को इसकी जानकारी तक नहीं थी। न ही आवेदक से इस संबंध में कोई पुष्टि या सत्यापन किया गया।
अंकित सेन का कहना है कि इस मामले का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि उन्होंने संबंधित जानकारी प्राप्त करने से पहले ही मना कर दिया था। इस संबंध में नगर निगम की स्थापना शाखा को बाकायदा लिखित पत्र भी दिया गया था, जिसकी प्राप्ति रसीद उनके पास सुरक्षित है। इसके बावजूद संबंधित आवेदन और प्रकरण की जानकारी समाचार पत्र तक कैसे पहुंची, यह जांच का विषय है।
आवेदक ने लिखित में मना किया, फिर किस आधार पर साझा की जानकारी?
अंकित सेन ने सवाल उठाया है कि जब आवेदक स्वयं जानकारी लेने से मना कर चुका था और इसकी लिखित सूचना स्थापना शाखा को दे चुका था, तो फिर इस प्रकरण से संबंधित जानकारी किसी समाचार पत्र को किस आधार पर उपलब्ध कराई गई? क्या संबंधित विभाग ने आवेदक से एक बार भी संपर्क करना उचित नहीं समझा? क्या आवेदन और उससे जुड़े दस्तावेज साझा करने से पहले उनकी सहमति अथवा प्रकरण की वास्तविक स्थिति की पुष्टि की गई?
प्रथम अपीलीय प्रकरण क्रमांक 128/2026 भी जांच के दायरे में
इस मामले में प्रथम अपीलीय प्रकरण क्रमांक 128/2026 से संबंधित आदेश एवं दस्तावेजों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। आवेदक का कहना है कि नगर निगम के लोक सूचना विभाग और प्रथम अपीलीय अधिकारी कार्यालय के बीच इस प्रकरण से जुड़ी जानकारी किस स्तर पर और किसके निर्देश पर साझा की गई, इसकी जांच होनी चाहिए।
निगमायुक्त अग्रिम कुमार से कार्रवाई की मांग
अंकित सेन ने निगमायुक्त अग्रिम कुमार से मांग की है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाए। नगर निगम के लोक सूचना विभाग एवं प्रथम अपीलीय अधिकारी कार्यालय के संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से जवाब तलब किया जाए तथा यदि किसी स्तर पर नियमों का उल्लंघन या अनुचित तरीके से जानकारी साझा करना प्रमाणित होता है तो जिम्मेदारों के विरुद्ध उचित प्रशासनिक कार्रवाई की जाए।
अंकित सेन ने स्पष्ट किया है कि वह इस मामले में शीघ्र ही निगमायुक्त अग्रिम कुमार को लिखित शिकायत पत्र सौंपेंगे। उनका कहना है कि आरटीआई के तहत आवेदन देना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन आवेदक की जानकारी और उसके लिखित पत्र को नजरअंदाज कर प्रकरण से संबंधित जानकारी अन्य समाचार माध्यमों तक पहुंचने की परिस्थितियां गंभीर सवाल खड़े करती हैं। अब देखना होगा कि निगमायुक्त इस मामले में क्या संज्ञान लेते हैं और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही कैसे तय होती है।










