सुबह 7 बजे वार्डों में पहुंचे निगमायुक्त अग्रिम कुमार, सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, स्वास्थ्य विभाग की निगमायुक्त ने की सराहना

---Advertisement---

सुबह 7 बजे वार्डों में पहुंचे निगमायुक्त अग्रिम कुमार, सफाई व्यवस्था का लिया जायजा

सफाई मित्रों की उपस्थिति का किया औचक सत्यापन, एक वार्ड में सभी 29 कर्मचारी मिले उपस्थित; अधिकारियों को सुबह से फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश

 

जबलपुर। शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से निगमायुक्त अग्रिम कुमार सोमवार सुबह 7 बजे ही स्वच्छता टीम के साथ निरीक्षण पर निकल पड़े। उन्होंने संभाग क्रमांक 3 रामपुर एवं संभाग क्रमांक 4 छोटी लाइन फाटक के अंतर्गत आने वाले वार्डों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सफाई मित्रों की उपस्थिति का औचक सत्यापन करने के साथ ही मौके पर पहुंचकर उनके कार्यों की वास्तविक स्थिति भी देखी।

 

निगमायुक्त ने उपस्थिति रजिस्टर के बजाय सीधे कार्यस्थलों पर पहुंचकर सफाई मित्रों की मौजूदगी और उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक वार्ड में सभी 29 सफाई मित्र उपस्थित मिले और अपने निर्धारित कार्यों में संलग्न पाए गए। इस पर उन्होंने व्यवस्था को इसी तरह नियमित एवं प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

 

मुख्य मार्गों की सफाई को दें प्राथमिकता

 

निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, मुख्य स्वच्छता निरीक्षकों, स्वच्छता निरीक्षकों एवं वार्ड सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि वे सुबह से ही फील्ड में सक्रिय रहें और सफाई मित्रों की उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सबसे पहले मुख्य मार्गों की सफाई कराई जाए। इसके बाद निर्धारित बीट चार्ट के अनुसार कॉलोनियों, बस्तियों और अंदरूनी मार्गों में भी गुणवत्तापूर्ण सफाई सुनिश्चित की जाए।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक वार्ड में सफाई व्यवस्था का सकारात्मक परिणाम दिखाई देना चाहिए। अधिकारी एवं सुपरवाइजर नियमित रूप से कार्यस्थलों पर पहुंचकर निगरानी करें और जहां भी कमी नजर आए, वहां तत्काल सुधार कराएं।

 

दोपहर 2 बजे तक कभी भी हो सकता है औचक निरीक्षण

 

निगमायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि सुबह की सफाई व्यवस्था के बाद भी दोपहर 2 बजे तक किसी भी वार्ड में औचक निरीक्षण किया जा सकता है। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने निर्धारित दायित्वों के प्रति सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नई व्यवस्था लागू करने के साथ उसकी नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग भी आवश्यक है।

 

प्रतिदिन 10 नागरिकों से लें फीडबैक

 

निगमायुक्त ने स्वास्थ्य अमले एवं डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कार्य में लगे सुपरवाइजरों को प्रतिदिन कम से कम 10 नागरिकों से संवाद कर सफाई व्यवस्था का फीडबैक लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों से सीधे बातचीत करने पर वार्डों की वास्तविक स्थिति सामने आएगी। यदि कहीं कोई शिकायत या कमी है तो उसका तत्काल निराकरण किया जा सकेगा। नागरिकों की संतुष्टि और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान ही बेहतर नगर व्यवस्था का आधार है।

 

मानव संसाधन के साथ मशीनरी का भी हो बेहतर उपयोग

 

निगमायुक्त ने सफाई कार्यों में लगे मानव संसाधन के साथ मशीनरी और वाहनों के समुचित उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सफाई मशीनों एवं वाहनों का संचालन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाए। संसाधनों की उपलब्धता और उनके उपयोग में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी अधिकारी, कर्मचारी, सफाई मित्र एवं सुपरवाइजर आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। प्रत्येक वार्ड में सफाई की गुणवत्ता बेहतर हो और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण का अनुभव मिले, यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

 

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं स्वच्छता अमला उपस्थित रहा।

 

निगमायुक्त ने कहा कि सुबह से अधिकारियों की फील्ड में सक्रियता, सफाई मित्रों की उपस्थिति का प्रत्यक्ष सत्यापन, नागरिकों से नियमित संवाद और मानव संसाधन एवं मशीनरी के समन्वित उपयोग के माध्यम से शहर की सफाई व्यवस्था को अधिक जवाबदेह एवं प्रभावी बनाया जा रहा है।

नगर पालिक निगम जबलपुर

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment