झुंझुनूं में ACB की बड़ी कार्रवाई: AVVNL की कनिष्ठ अभियंता 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

---Advertisement---

झुंझुनूं, 5 अक्टूबर 2026। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने झुंझुनूं जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (AVVNL) चिड़ावा की कनिष्ठ अभियंता श्रीमती दिपीका को 15,000 रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी झुंझुनूं इकाई द्वारा की गई। एसीबी के अनुसार, आरोपी कनिष्ठ अभियंता द्वारा एक परिचित के कृषि कनेक्शन की विद्युत लाइन बदलवाने के एवज में रिश्वत राशि की मांग की जा रही थी।

 

एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता के अनुसार, परिवादी ने एसीबी चौकी झुंझुनूं में शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कृषि कनेक्शन की विद्युत लाइन को बदलवाने के काम के बदले कनिष्ठ अभियंता द्वारा रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत के बाद एसीबी ने नियमानुसार रिश्वत मांग का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान 25,000 रुपये रिश्वत मांगने की बात सामने आई।

 

एसीबी के मुताबिक, परिवादी द्वारा रिश्वत की राशि कम करने का अनुरोध किए जाने पर 15,000 रुपये में लेन-देन तय हुआ। रिश्वत मांग की पुष्टि होने के बाद 5 अक्टूबर को एसीबी चौकी झुंझुनूं की टीम ने ट्रेप कार्रवाई आयोजित की। जयपुर रेंज की महानिरीक्षक पुलिस श्रीमती एस. परिमला के सुपरविजन और झुंझुनूं के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार पूनियां के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक सुरेश चन्द और उनकी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

 

एसीबी के अनुसार, ट्रेप के दौरान कनिष्ठ अभियंता दिपीका को परिवादी से 15,000 रुपये रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान कथित रिश्वत राशि आरोपी के कार्यालय स्थित टेबल की दराज से बरामद की गई। कार्रवाई के बाद मौके पर एसीबी की अग्रिम जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी रही।

 

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। एसीबी ने बताया कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे अनुसंधान किया जाएगा। एसीबी ने स्पष्ट किया है कि किसी व्यक्ति के विरुद्ध प्रकरण दर्ज होने की जानकारी मिलने पर संबंधित व्यक्ति निर्धारित प्रक्रिया के तहत एसीबी से सीधे संपर्क कर अपना पक्ष एवं स्पष्टीकरण प्रस्तुत कर सकता है। दोषसिद्धि से पहले उपलब्ध तथ्यों और प्रस्तुत स्पष्टीकरण का नियमानुसार परीक्षण किया जाता है।

 

एसीबी ने आमजन से अपील की है कि उसके नाम पर किसी भी व्यक्ति के भय या दबाव में आकर धोखाधड़ी का शिकार न बनें। भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत के लिए एसीबी के टोल फ्री नंबर 1064 और व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 94135-02834 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है। एसीबी ने कहा है कि वैध कार्य करवाने के लिए आमजन उसकी सहायता ले सकते हैं।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment