कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 की तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

---Advertisement---

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 की तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

जबलपुर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के प्रभावी संचालन एवं सफल क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत, अपर कलेक्टर नीता राठौर, रविशंकर राय, ए.के. सिंह, शैलेंद्र सिंह सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कहा कि जन-विश्वास ही सुशासन की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर आमजन से सीधा संवाद स्थापित करने, शिकायतों का त्वरित निराकरण करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों के समयबद्ध समाधान पर विशेष जोर दिया।

बैठक में विभागवार समीक्षा करते हुए ऊर्जा विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति, जले ट्रांसफॉर्मरों के त्वरित सुधार और शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों को साइकिल एवं पाठ्यपुस्तकों का समय पर वितरण, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, संदीपनी विद्यालयों के संचालन, नामांकन वृद्धि तथा ड्रॉपआउट रोकने के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा गया।

पुलिस विभाग को लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निपटारा, महिलाओं से जुड़े अपराधों की गंभीर जांच, मुस्कान अभियान को प्रभावी बनाने, स्कूल-कॉलेजों के आसपास असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई तथा नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर कठोर नियंत्रण के निर्देश दिए गए। वहीं राजस्व विभाग को लंबित नामांतरण, बंटवारा प्रकरणों का निराकरण एवं फार्मर आईडी तैयार कराने के निर्देश दिए गए।

महिला एवं बाल विकास विभाग को लाड़ली लक्ष्मी और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल व्यवस्था, खराब हैंडपंपों की मरम्मत, जल जीवन मिशन की परियोजनाओं तथा नल-जल योजनाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में आयुष्मान भारत योजना, जननी सुरक्षा योजना, प्रसूति सहायता, 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के आयुष्मान कार्ड, दवाओं एवं जांच सुविधाओं की उपलब्धता तथा 108 एम्बुलेंस सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। स्थानीय निकायों को स्वच्छता व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में तेजी, पेयजल गुणवत्ता तथा वर्षाकाल में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामाजिक न्याय, कृषि, सहकारिता, श्रम एवं वन विभाग सहित अन्य विभागों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने किसानों के लिए खाद की उपलब्धता, कालाबाजारी पर रोक, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा, पेंशन एवं यूडीआईडी कार्ड के लंबित प्रकरणों के निराकरण तथा वनाधिकार एवं सहायता योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

इसके अलावा जिले की प्रमुख अधोसंरचना परियोजनाओं, विजन डॉक्यूमेंट, उद्योग संवाद, औद्योगिक प्लॉट आवंटन, सिंगल विंडो प्रणाली, स्वरोजगार योजनाओं, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, आईटीआई एवं पॉलीटेक्निक के रोजगार मेलों, एमएसएमई प्रोत्साहन और स्टार्टअप नीति की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

बैठक के अंत में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 को जनभागीदारी और सुशासन का प्रभावी अभियान बनाने के निर्देश दिए।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment