जयपुर। लंबे समय से लंबित आकेड़ा डूंगर रीको औद्योगिक क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर उद्यमियों की प्रतीक्षा समाप्त हो गई है। राज्य सरकार ने क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 9.85 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी की है। इस मंजूरी के बाद औद्योगिक क्षेत्र में सड़क निर्माण, ड्रेनेज सिस्टम, स्ट्रीट लाइटिंग, पानी की आपूर्ति और अन्य आवश्यक ढांचागत सुविधाओं का उन्नयन किया जाएगा। इससे क्षेत्र की संचालन क्षमता बढ़ेगी और उद्यमियों को बेहतर औद्योगिक वातावरण उपलब्ध होगा।
लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने इस निर्णय पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और रीको की प्रबंध निदेशक शिवांगी स्वर्णकार का आभार व्यक्त किया। संगठन के राष्ट्रीय सचिव नरेश पारीक, प्रदेश प्रभारी घनश्याम ओझा, प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र कुमार शर्मा और प्रदेश महासचिव सुधीर कुमार गर्ग ने कहा कि सरकार द्वारा उद्योगों के विकास के लिए उठाए जा रहे कदम सकारात्मक और दीर्घकालिक प्रभाव वाले हैं।
इस स्वीकृति से आकेड़ा डूंगर औद्योगिक क्षेत्र के तेजी से विकसित होने की उम्मीद जताई जा रही है। उद्यमियों का मानना है कि मजबूत इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ यह क्षेत्र एक मॉडल इंडस्ट्रियल हब के रूप में उभर सकता है, जिससे स्थानीय रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।










