*दो महीने में तीसरी बार रमनगरा जल शोधन संयंत्र की राइजिंग लाइन फूटी*
*(जबलपुर में आधे शहर को 4 दिन नहीं मिलेगा पानी, 30 वार्डों की 6 लाख की आबादी रहेगी प्यासी, अधीक्षण यंत्री नगर निगम को हटाने की मांग)*
*जबलपुर* गर्मी के दौर में जब हर घर में पानी की आवश्यकता बढ़ जाती है, ऐसे में शनिवार को रमनगरा जलशोधन संयंत्र की राइजिंग लाइन में शनिवार देर शाम फॉल्ट आ गया। बाजनामठ के करीब पाइपलाइन फूटने से सड़क पर फव्वारा जैसे हालात हो गए। लाखों गैलन पानी व्यर्थ बह गया। इसका असर रविवार को सामने आया। आपूर्ति ठप होने से आधे शहर में पानी के लिए त्राहिमाम मच गया। पाइप फूटने का दंश शहर के करीब 28-30 वार्डों की करीब 6 लाख की आबादी को भुगतना पड़ा। शहर के बड़े इलाके में हाहाकार मच गया है। शास्त्री नगर, मेडिकल, गढ़ा, पुरवा, गंगा नगर, धनवंतरि नगर, गुलौआ, यादव कालोनी, रानीताल, विजय नगर, करमेता, आईटीआई, बलदेवबाग, दमोहनाका, गोहलपुर, अधारताल इलाकों में पानी नहीं आ रहा है।
*20 उच्च स्तरीय टंकियां खाली*
रमनगरा संयंत्र से 20 उच्च स्तरीय टंकियां भरी जाती हैं। प्रतिदिन 80 एमएलडी पानी की आपूर्ति होती है। पानी की आपूर्ति नहीं होने के कारण टंकियां नहीं भरी जा सकी। शेष पानी की आपूर्ति के बाद सभी खाली हैं। नगर निगम के जल विभाग ने पाइप लाइन का सुधार कार्य शुरू किया है। अधिकारियों का कहना है कि सुधार कार्य में 4 दिन का समय लगेगा।
*कलेक्टर और निगम आयुक्त से तत्काल अधीक्षण यंत्री को हटाने के मांग*
रमनगरा जल शोधन संयंत्र की राइजिंग लाइन बार बार वहीं से फूटना जानबूझकर षड्यंत्र रचा जाता है बिल के चक्कर में, संस्कारधानी की जनता ने कलेक्टर और निगम आयुक्त से अपील की है कमलेश श्रीवास्तव, अधीक्षण यंत्री नगर निगम को तत्काल अलग करें और तत्काल नल चालू करवाएं
*महापौर और पार्षदों ने निरीक्षण किया*
महापौर जगत बहादुर अनु और पार्षदों ने फूटी हुई पाइप लाइन के सुधार कार्य का निरीक्षण किया। वहीं नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने कहा कि दो महीने में तीसरी बार रमनगरा जल शोधन संयंत्र की राइजिंग लाइन फूटी है। इस समस्या का स्थायी निराकरण होना चाहिए, अन्यथा षार्षद उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। कांग्रेस पार्षदों ने जल विभाग के लचर सिस्टम मे विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्षद अनुपम जैन, मुकीमा अंसारी, पार्षद वकील अंसारी, अभिषेक पाठक मौजूद थे।










