विधान सभा अध्यक्ष ने तैयारियों का लिया जायजा, साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान शुरू
जयपुर, 30 जनवरी। राजस्थान विधान सभा का सोलहवीं विधान सभा का तृतीय सत्र शुक्रवार, 31 जनवरी से प्रारंभ होगा। इस अवसर पर राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे प्रातः 11:00 बजे अभिभाषण देंगे। विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को विधानसभा भवन पहुंचकर सत्र की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधान सभा में तैयारियों का निरीक्षण
विधान सभा अध्यक्ष देवनानी ने सदन, राज्यपाल के स्वागत स्थल, चिकित्सा व्यवस्था, कैंटीन और विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। इसके अलावा, मीडिया के छायाकारों के लिए की गई व्यवस्थाओं को भी देखा और उनके लिए बेहतर सुविधाओं को लेकर निर्देश दिए।
राज्यपाल का अभिभाषण और स्वागत समारोह
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे के विधान सभा पहुंचने पर विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल उनका पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत करेंगे। इस अवसर पर राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया जाएगा और वे सलामी गारद का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे विधायी कार्यों की शुरुआत करते हुए सदन में अपना अभिभाषण देंगे।
साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान शुरू
विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने “साइबर अपराध जानकारी रखें – सतर्क रहें” अभियान के तहत भारतीय स्टेट बैंक (SBI) द्वारा तैयार किए गए साइबर सुरक्षा जागरूकता फोल्डर का अनावरण किया। इस अवसर पर SBI के मुख्य प्रबंधक संजय शर्मा ने बताया कि यह फोल्डर सभी विधायकों और बैंक ग्राहकों को वितरित किया जाएगा, जिससे वे बैंकिंग फ्रॉड से बचाव के प्रति सतर्क रह सकें। इस कार्यक्रम में विधान सभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा और SBI की उपप्रबंधक श्रीमती भावना बठीजा भी उपस्थित थीं।राजस्थान विधान सभा के तृतीय सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा होने की संभावना है। प्रदेश की जनता और विधायकों की निगाहें इस सत्र टिकी हुई हैं।












